पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हत्‍यारे की गिरफ्तारी के ल‍िए थाना में 3 घंटे हंगामा, स्कूल में पत्थरबाजी

हत्‍यारे की गिरफ्तारी के ल‍िए थाना में 3 घंटे हंगामा, स्कूल में पत्थरबाजी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(गोविंदपुर थाना परिसर में हंगामा कर रहे लोगों को समझाते पुलिसकर्मी।)
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर तीन तल्ला ईडब्ल्यूएस निवासी सह विग इंग्लिश स्कूल के बारहवीं के छात्र आशीष रंजन उर्फ नीलू की मौत के मामले में हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन समेत स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को भी गोविंदपुर थाना में जमकर हंगामा किया। वे आशीष की प्रेमिका व उसके घरवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप
लोगों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप भी लगाया। परिजन ने कहा कि युवती के घरवालों ने आशीष की हत्या की। शव मिले 24 घंटे से ज्यादा समय गुजर गया, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।
डीएसपी के आश्वासन पर शांत हुए लोग
गोविंदपुर थाना की पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जानकारी मिलने पर सिटी डीएसपी केएन चौधरी समेत टेल्को, परसुडीह व बिरसानगर थाना की पुलिस गोविंदपुर थाना पहुंची। डीएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तो लोग शांत हुए। करीब तीन घंटे तक थाना परिसर में हंगामा चला।
शोक में छुट्टी देनेे की मांग

दूसरी ओर, शुक्रवार को कुछ परिजन स्कूल पहुंचे और आशीष की मौत के शोक में स्कूल में छुट्टी की मांग की। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी। छुट्टी होने पर भी छात्रों ने हंगामा किया। इस दौरान कुछ छात्रों ने स्कूल पर पत्थर फेंका। इसमें बारहवीं कक्षा का छात्र विक्की कुमार के सिर में चोट लगी। लेकिन, छात्रों के आक्रोश को देख प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
युवती व उसकी मां-बहन से पूछताछ जारी
इधर, पुलिस युवती समेत उसकी मां व बहन से थाना में पूछताछ कर रही है। युवती के पिता फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मालूम हो कि गुरुवार को गोविंदपुर के पास रेलवे ट्रैक पर पुलिस ने आशीष रंजन का शव बरामद किया था। आशीष की मां कंचन देवी के बयान पर गोविंदपुर थाना में छोटा गोविंदपुर गोबर पार्क की रहने वाली युवती समेत घरवालों के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज की गई है।