जमशेदपुर. ड्रामेटिक्स एसोसिएशन ऑफ टाटा इंप्लाई (डेट) का वार्षिकोत्सव मंगलवार को मोतीलाल पब्लिक स्कूल सभागार में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें गीत, संगीत नृत्य की झलकियां देखने को मिलीं। समारोह में डेट द्वारा तैयार की गई शार्ट फिल्म गिरवी ने सबको भावुक कर दिया। एक गरीब किसान के आर्थिक जीवन पर आधारित इस फिल्म में यह दिखाया गया कि किस प्रकार उसे जीवन यापन के लिए अपनी ही संतान को गिरवी रखना पड़ता है। इस फिल्म की कहानी के मार्मिक होने के साथ ही कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक किया।
इसके अलावा टेलीफिल्म बिजली में एक लड़की के नशा के खिलाफ लड़ने की प्रतिबद्धता दिखाई गई। वहीं, कलाकारों ने शिव तांडव की जीवंत प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को रोमांचित किया। इसके अलावा अलीशा ने अपने डांस पर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन में इनका रहा योगदान : ड्रामेटिक्सएसोसिएशन ऑफ टाटा इंप्लाई की अध्यक्ष रेणुका सिंह, जेनरल सेक्रेटरी अनुज प्रसाद, बलविंदर, उदय, शमीम, स्मिता, करिश्मा, जैसलीन आदि।
टाटा कर्मियों के बच्चों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में भले ही ड्रामेटिक्स एसोसिएशन ऑफ टाटा इंप्लाई (डेट) का वार्षिकोत्सव मनाया गया हो। लेकिन, इसमें प्रस्तुति शहर के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले टाटा इंप्लाई के बच्चों ने दी, जिन्हें डेट द्वारा कार्यक्रम के लिए तैयार किया गया। डेट के जेनरल सेक्रेटरी अनुज प्रसाद ने बताया कि संस्था का काम टाटा कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के बच्चों को प्रशिक्षण देकर एक मंच प्रदान करना है, जिसमें हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।