आशियाना सन सिटी : दो फ्लैट में चोरी
जमशेदपुर | एमजीएमथाना अंतर्गत आशियाना सन सिटी में मंगलवार की रात चोरों ने ई-0015 और ई-009 का ताला तोड़कर चोरी कर ली। ई-0015 भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी का फ्लैट है। इसमें ट्रांसपोर्टकर्मी अनूप यादव किराए पर रहते हैं। वे परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में गए हैं। ई-009 में व्यवसायी सुरेन्द्र सर्राफ रहते हैं। वे बिष्टुपुर स्थित धर्मचंद मेंशन में रहते हैं। बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने गेट का ताला टूटा देखा, तो मामले की जानकारी एमजीएम थाना की पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों घरों की जांच की। घटना की जानकारी मिलने पर सुरेन्द्र सर्राफ परिवार समेत पहुंचे। सुरेन्द्र सर्राफ की प|ी अंजू सर्राफ के अनुसार, उनके घर से सामान की चोरी नहीं हुई है। सिर्फ चोरों ने गेट का ताला ही तोड़ा है। दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलने पर अनूप यादव दिल्ली से शहर के लिए चल चुके हैं। फोन पर उन्होंने बताया कि घर में सोने का गहना रखा हुआ था। उनके लौटने के बाद ही पता चल पाएगा कि क्या-क्या चोरी हुई है। इधर, इस घटना से कॉलोनीवासी भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि पहले यहां कभी चोरी नहीं हुई है। कॉलोनी में सुरक्षागार्ड भी रहता है।