अधिकार के लिए करें संघर्ष : सुरेश
अनुसूचितजाति (एससी) अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लोगों को संगठित होकर अपने हक अधिकार के लिए संघर्ष करना होगा, तभी उन्हें मान-सम्मान मिलेगा और उनका अस्तित्व बचेगा। नेशनल फेडरेशन ऑफ एसबीआई एससी/एसटी इंप्लाइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार ने रविवार को यह बातें कहीं। वे एसबीआई एससी-एसटी वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से जी टाउन क्लब में आयोजित एक दिवसीय अधिवेशन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस समुदाय पर चौतरफा हमला हो रहा है। अगर लोग बाबा साहेब (डॉ भीमराव अांबेडकर) के बताए मार्ग पर नहीं चलेंगे, तो जो अधिकार मिले हैं, उससे भी वंचित होना पड़ेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अधिवेशन में बैकिंग में दिन-ब-दिन हो रहे बदलाव, सरकार की नई नीति और उससे एससी-एसटी समुदाय पर होने वाले प्रभाव संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इसके पूर्व उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर और बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माला चढ़ाकर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह का संचालन जानकी रानी मांझी और नीलम बेसरा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन रवि नंदन ने किया।