- Hindi News
- परसुडीह : मार्केटिंग कंपनी के नाम पर लाखों ठगने वाले धराए
परसुडीह : मार्केटिंग कंपनी के नाम पर लाखों ठगने वाले धराए
जमशेदपुर | फर्जीनेटवर्किंग कंपनी बनाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों पुनेंद्र देव (बागबेड़ा के गाढ़ाबासा निवासी) रंजीत मुंडा (पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी) को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों युवकों से परसुडीह थाना में पूछताछ चल रही है। इस संबंध में आदित्यपुर रेलवे कॉलोनी के सुजीत कुमार के बयान पर परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सुजीत के अनुसार, ये युवक परसुडीह के हलुदबनी में अरेगिट मार्केटिंग प्राइवेट लि. नामक मार्केटिंग कंपनी चलाते थे। कंपनी द्वारा 2650 रुपए लेकर सदस्यता दी जाती थी। कंपनी की ओर से ज्यादा सदस्य बनाने पर टीवी, कार, एलसीडी समेत अन्य कई सामान इनाम स्वरूप देने का झांसा दिया गया था। एक साल पहले कंपनी के कार्यालय में तालाबंदी कर सभी फरार हो गए। कुछ दिनों पूर्व इन्होंने अलेंडा रिटेलर मार्केटिंग के नाम से दूसरी मार्केटिंग कंपनी की शुरुआत की। स्थानीय लोगों ने इन्हें पहचान लिया। लोगों ने उनसे पैसे की मांग की। वे लोग आनाकानी करने लगे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ा और थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों ने फर्जी मार्केटिंग कंपनी के माध्यम से कई लोगों से लाखों की ठगी की है।