- Hindi News
- एमजीएम अस्पताल के कर्मचारियों ने की बैठक, अस्पताल अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
एमजीएम अस्पताल के कर्मचारियों ने की बैठक, अस्पताल अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर| एमजीएमअस्पताल के कर्मचारियों के लिए समुचित आवास की व्यवस्था सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार को अस्पताल परिसर में बैठक की। झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन-स्वास्थ्य कर्मचारी महासंघ के महामंत्री अमरनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अस्पताल के 100 से ज्यादा कर्मचारी शामिल हुए। अमरनाथ सिंह ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों की संख्या के मुताबिक आवास की संख्या काफी कम है। वर्तमान में तृतीय, चतुर्थ और कॉन्ट्रैक्ट को मिलाकर कर्मचारियों की संख्या 350 से अधिक है। कर्मचारियों के मुकाबले आवासों की संख्या आधे से भी कम है। इससे कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही है।
नौकरीपेंशन भुगतान के मसले पर भी हुई चर्चा
बैठकमें कर्मचारियों के बकाया एरियर का भुगतान, मृत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी, सेवानिवृत कर्मचारियों को नियमित पेंशन भुगतान आदि के लंबित मसले पर भी चर्चा की गई। इसके बाद एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरवाई चौधरी से मिलकर उन्हें मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर महासंघ के अध्यक्ष सोना राम, उपाध्यक्ष उदय शंकर झा, कोषाध्यक्ष अरविंद सिन्हा, दिनेश पांडे, नीलकंठ बेहरा आदि मौजूद थे।