- Hindi News
- आज ईवीएम में बंद हो जाएगा प्रत्याशियों का भाग्य
आज ईवीएम में बंद हो जाएगा प्रत्याशियों का भाग्य
>>हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भास्कर न्यूज | जमशेदपुर/सरायकेला
ईचागढ़विधानसभा (विस) क्षेत्र में मंगलवार सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके लिए सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। झाविमो प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह, झामुमो प्रत्याशी सविता महतो, भाजपा प्रत्याशी साधुचरण महतो और कांग्रेस प्रत्याशी हिकिमचंद्र महतो समेत 24 प्रत्याशियों का भाग्य मंगलवार को ईवीएम में बंद हो जाएगा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों के अलावा जिला पुलिस के जवान तैनात किए हैं। मंगलवार को ईचागढ़ विस क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर सभी दलों के प्रत्याशियों ने सोमवार को बूथ प्रबंधन की मजबूती पर जोर दिया। इसे लेकर झाविमो प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह ने कपाली, ईचागढ़, चौका, चांडिल समेत कई क्षेत्रों में बूथवार कार्यकर्ताओं से मिले और उनसे मंत्रणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान का प्रतिशत बढ़ाने की अपील की। झामुमो प्रत्याशी सविता महतो, भाजपा के साधुचरण महतो कांग्रेस के हिकिमचंद्र महतो समेत कई प्रत्याशी भी बूथवार कार्यकर्ताओं से मिले और मतदान का प्रतिशत बढ़ाने का निर्देश दिया।
चारउम्मीदवारों में सीधा मुकाबला
ईचागढ़विधानसभा क्षेत्र में चार उम्मीदवारों में सीधा मुकाबला है। वर्तमान विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान कंघी छाप लेकर झाविमो से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें झामुमो की सविता महतो, भाजपा से साधुचरण महतो और कांग्रेस के हिकिम चंद्र महतो टक्कर दे रहे हैं। ईचागढ़ कुड़मी बहुल जरूर है। चुनाव परिणाम तय करने में संथाल, गोप समेत दूसरी जाति के लोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। जिला परिषद के उपाध्यक्ष देवाशीष राय भी निर्दल चुनाव मैदान में हैं। वह चुनाव की दिलचस्पी बढ़ा रहे हैं। झाविमो, झामुमो, भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, फारवर्ड ब्लॉक, झारखंड पार्टी (नरेन), एसयूसीआई (सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया) समेत और दल चुनाव मैदान में हैं।