तकनीकी पेंच में फंसी जलापूर्ति योजना
जमशेदपुर | बागबेड़ागोविंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना तकनीकी पेंच में फंस गई है। विश्व बैंक ने इस योजना की डीपीआर पर राशि उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया है। विश्व बैंक के इंकार के बाद पेयजल स्वच्छता विभाग नए सिरे से डीपीआर बनाने अथवा उसमें बदलाव करने की योजना पर काम कर रहा है। पिछले दिनों विश्व बैंक की एक टीम दिल्ली से दोनों योजना का मुआयना करने आई थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि जिन इलाकों में इन योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना है, वहां सीवरेज लाइन की व्यवस्था नहीं है। ऐसी स्थिति में अगर जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछायी जाएगी तो योजना बेकार हो जाएगी। ये इलाके ग्रामीण क्षेत्र होने के बावजूद पूरी तरह से शहर में तब्दील हो गए हैं। ऐसी स्थिति देख विश्व बैंक ने इस योजना से अपना हाथ पीछे खींच लिया है।