मानगो : बस-कार में टक्कर, मारपीट
जमशेदपुर | मानगोरिलायंस फ्रेश के पास शुक्रवार की शाम कार और ब्रह्मानंद अस्पताल के बस के बीच टक्कर हो गई। धक्का लगने के बाद बसकर्मी और कार मालिक सह मानगो आजादनगर निवासी बंटी कुमार के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कार और बस क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची मानगो थाना की पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। ब्रह्मानंद अस्पताल के बस चालक बिनोद कुमार के अनुसार वह साकची से अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान चालक बंटी कुमार ने कार से ओवरटेक कर बस को रुकवाया और मुझे गाली देते हुए मारने लगे। इस दौरान उसके साथी भी वहां पहुंच गए। सभी मिलकर उन्हें मारा पीटा और उनकी बस भी क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान बस में सवार मरीज भी घबरा गए थे। दूसरी ओर बंटी कुमार के अनुसार बस ने कार में टक्कर मार दी। उन्होंने चालक से सही ढंग से चलने कहा, तो वह गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। बसकर्मियों ने उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत नहीं की है। समझौता का प्रयास किया जा रहा है।