लीगल एडवाइजर का हुआ विमोचन
जमशेदपुर। शहरमें लॉ जर्नल लीगल एडवाइजर का प्रकाशन फिर से शुरू हुआ है। सोमवार को श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान, बिष्टुपुर में आयोजित एक समारोह में लीगल एडवाइजर के नए अंक का विमोचन हुआ। जमशेदपुर के उप श्रमायुक्त एसएस पाठक और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार ने इस जर्नल का विमोचन किया। एसएस पाठक ने कहा कि जमशेदपुर जैसे शहर में इस तरह की पत्रिका की जरूरत है, जो मजदूर और श्रमिकों को कानून के बारे में जागरूक कर सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार ने उम्मीद जतायी कि यह पत्रिका अधिवक्ताओं के साथ ही आमलोगों के बीच भी अपनी पहुंच बनाएगी। पत्रिका के प्रबंध संपादक सतीश चंद्र वर्णवाल ने बताया कि इस पत्रिका का प्रकाशन बंद हो गया था, लेकिन इसे दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया है, ताकि लोगों को कानून के बारे में जानकारी मिल सके। कानून के बारे में जागरूकता नहीं होने की वजह से लोगों को परेशानी होती है। मौके पर राजेश कुमार शुक्ला, एके श्रीवास्तव, हरिवल्लभ सिंह आरसी, आरएन सत्पथी, रवींद्र नाथ चौबे, लखन लाल, केके सिन्हा, सुनील महतो, केएम प्रसाद, दिलीप महतो, जवाहर लाल शर्मा आदि उपस्थित थे।