- Hindi News
- वार्षिक परीक्षा के बाद मिलेगी 15 दिन छुट्टी
वार्षिक परीक्षा के बाद मिलेगी 15 दिन छुट्टी
सेंट्रलबोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने वार्षिक परीक्षा के बाद स्कूलों में होने वाली छुट्टियां बढ़ा दी हैं। अब सात की बजाय 15 दिनों की छुट्टी मिलेगी। इस संबंध में शिक्षकों से सुझाव मांगे गए थे। शिक्षकों ने परीक्षा के बाद कम से कम 15 दिन की छुट्टी देने का सुझाव दिया था। इस पर बोर्ड ने भी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। छुट्टी का यह नियम इसी सत्र से लागू होगा।
शिक्षण शैली में सुधार के लिए नई पहल
सतत एवं समग्र मूल्यांकन पद्धति (सीसीई) के तहत बोर्ड शिक्षण शैली में निरंतर सुधार कर रहा है। यह मूल्यांकन पद्धति कक्षा एक से लेकर 10 तक लागू है। इसके चलते चार फॉरमेटिव असेसमेंट (एफए) और दो समेटिव असेसमेंट (एसए) होते हैं। शिक्षा में लगातार बदलाव के चलते शिक्षकों पर भार बढ़ गया है। इसे देखते हुए बोर्ड ने शिक्षकों से फीडबैक मांगा था।
^क्वालिटी एजुकेशन के साथ-साथ शिक्षा को व्यावहारिक बनाने के लिए सीबीएसई की ओर से कई बदलाव किए जा चुके हैं। वहीं, आने वाले समय में और होने वाले हैं। इसी क्रम में इस सत्र से वार्षिक परीक्षा के बाद सात दिन की बजाय 15 दिनों की छुट्टी देने का निर्देश बोर्ड से मिला है।^फादर डेविडविनसेंट, प्रिंसिपल,सेंट मेरीज इंग्लिश स्कूल, बिष्टुपुर
तनाव कम करने की कोशिश
वार्षिकपरीक्षा के बाद शिक्षकों पर वार्षिक और बोर्ड परीक्षा की कॉपी जांचने की जिम्मेदारी होती है। इसी बीच नए सत्र की शुरुआत का दबाव भी होता है। अब सीबीएसई को उम्मीद है कि नए नियम से शिक्षकों का तनाव कम होगा। साथ ही निर्धारित समय में रिजल्ट का कार्य पूरा हो जाएगा। वहीं, शिक्षक बताते हैं कि छुट्टियां कम होने और परीक्षा के तुरंत बाद अगली कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाने से छात्रों पर भी दबाव रहता है। छुट्टियां बढ़ने से यह दबाव कम होगा।