शोषण हो, तो पैरेंट्स को बताएं : संगीता
दयानंदपब्लिक स्कूल, साकची में चल रहे सुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को सीनियर छात्रों के लिए यौन शोषण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को बताया गया कि एेसी स्थिति आने पर वे क्या करें? शहर की अधिवक्ता संगीता झा ने युवाओं को यौन शोषण के कानूनी पहलू के बारे में जानकारी दी। जबकि, कराटे ट्रेनर नागेश राव ने उन्हें आत्मरक्षा के गुर बताए।
संगीता झा ने बताया कि अधिकतर यौन शोषण के मामले इसलिए सामने नहीं पाते, क्योंकि बच्चे इसके बारे में जागरूक नहीं होते। उन्होंने छात्रों को बताया कि जब कोई ऐसी कोशिश करे, तो उन्हें इसकी जानकारी तुरंत अपने घरवालों को देनी चाहिए। इसके अलावा वे इसकी शिकायत पुलिस और शिक्षा विभाग में कर सकते हैं। कराटे ट्रेनर नागेश राव ने विद्यार्थियों को कुछ ऐसी तकनीक बताई जिसके जरिए वे आत्मरक्षा कर सकते हैं। इसके पहले स्वागत भाषण प्रिंसिपल स्वर्णा मिश्रा ने दिया। उन्होंने कहा कि पैरेंट्स को चाहिए कि वे बच्चों की सुनें और उनपर नजर रखें। इस अवसर पर छात्रों को एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें यौन शोषण के मामले से निबटने के तरीके बताए गए। अंत में छात्रों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया, जिसके जरिए छात्रों को जागरूक किया गया।
दयानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं अन्य।