बिना सुरक्षा विधायक के जाने पर रोक
जमशेदपुर | एसएसपीएबी होमकर ने विधायक रामदास सोरेन को रविवार को फोन कर बिना पर्याप्त सुरक्षा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नहीं जाने का आग्रह किया है। रविवार को घाटशिला दौरे पर धर्मशाला पहुंचे विधायक रामदास सोरेन के पास घाटशिला पुलिस आई तथा एसएसपी का संदेश सुनाया। घाटशिला थाना के एसआई आरके चौधरी दल बल के साथ धर्मशाला पहुंचे तथा विधायक से कहा कि एसएसपी साहब उनसे बात करना चाहते हैं। उसके बाद एसएसपी ने बताया कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र में जाने से पूर्व स्थानीय थाना को सूचित करें। बिना पुलिस बल के किसी भी हाल में जनप्रतिनिधियों को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होगी। वे स्थानीय डीएसपी को सूचित करके दौरा करें। यहां बता दें कि खुफिया विभाग ने सरकार को रिपोर्ट भेजी है कि घाटशिला के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। वे किसी भी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। जनप्रतिनिधि को निशाना बना सकते हैं।