टाटा स्टील जुस्को कर्मी करेंगे मदद
जमशेदपुर | टाटावर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को अध्यक्ष पीएन सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें जम्मू कश्मीर में बाढ़ की विभीषिका पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि टाटा स्टील के कर्मचारी एक दिन का वेतन देंगे। जुस्को ने भी जम्मू कश्मीर के पुनर्निर्माण के लिए धन राशि इकट्ठा करने का काम शुरू कर दिया है। जुस्को प्रबंधन ने तय किया है कि टाटा रिलीफ कमेटी के साथ जुस्को के अफसर भी जम्मू कश्मीर जाएंगे। जुस्को के एमडी आशीष माथुर की पहल पर गुरुवार को जुस्को के अफसरों ने जम्मू कश्मीर के लिए एक दिन का वेतन देने पर सहमति जताई। दूसरी ओर, जुस्को जमशेदपुर सिटीजन फोरम के साथ मिल कर जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए शहरवासियों से चंदा इकट्ठा करेगा।