- Hindi News
- 22 लाख की ठगी करने वाला सोनारी से गिरफ्तार
22 लाख की ठगी करने वाला सोनारी से गिरफ्तार
जमशेदपुर। गंगटोक(सिक्किम) की रहने वाली ईमा प्रधान से पुणे के मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के नाम पर 22 लाख रुपए ठगी करने के आरोपी विकास कुमार सिंह को गंगटोक पुलिस ने बुधवार रात सोनारी के कागलनगर से गिरफ्तार किया। गंगटोक पुलिस ने सोनारी थाना की पुलिस की मदद से विकास को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस सोनारी थाना में विकास से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को ईमा प्रधान ने गंगटोक सदर थाना में विकास कुमार सिंह के खिलाफ पुणे स्थित डीवाई पाटिल मेडिकल कॉलेज में दाखिला के नाम पर धोखाधड़ी कर 22 लाख रुपए लेने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने का पता चलने पर विकास पुणे से भागकर कोलकाता स्थित अपने ससुराल चला गया। मंगलवार को गंगटोक पुलिस ने कोलकाता स्थित उसके ससुराल में दबिश दी। लेकिन, पुलिस के पहुंचने के पहले ही वह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस शहर पहुंची। विकास सिंह को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर गंगटोक ले जाया जाएगा।
गिरफ्तार विकास ने बताया कि वह पुणे में आईसीआईसीआई प्रिविलेज सर्किल में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसके छोटे भाई के साथी योगेश कुमार के माध्यम से विकास का परिचय ईमा प्रधान से हुआ था। उसने मेडिकल कॉलेज में दाखिला के लिए 20 लाख रुपए लिए थे। काम नहीं होने पर उसने 12 लाख रुपए ईमा को वापस कर दिया और शेष 8 लाख रुपए जल्द वापस करने का आश्वासन दिया। योगेश और ईमा साथी हैं। दोनों ने साथ में बेंगलुरू में डिप्लोमा की पढ़ाई की थी।
खुद को बताया मैनेजर
24 नवंबर को गंगटोक सदर थाना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
विकास सिंह
^विकास सिंह के खिलाफ मेडिकल कॉलेज में दाखिला के नाम पर 22 लाख रुपए धोखाधड़ी करने का आरोप है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। ^मणि कुमारतमांग, इंस्पेक्टर,गंगटोक सदर थाना
मेडिकल में एडमिशन का मामला