जमशेदपुर। देर से ही सही, लेकिन ठंड ने दस्तक दे दी है और कड़ाके की ठंड से शहरवासी ठिठुरने लगे हैं। शनिवार को घने बादल छाए रहने से जहां पूरे दिन धूप नहीं निकली, वहीं 7 से 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने से शनिवार को दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को दिन के तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। हालांकि, रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 14.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान ठंड बढ़ेगी। इस दौरान शहर का पारा 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। विभाग की मानें, तो अगले 48 घंटों में हल्की बारिश के साथ ही ठंडी हवा चलेगी। इस दौरान घने बादल छाए रहेंगे।
'बच्चों को ठंड से बचाएं। गर्म कपड़ों से बच्चों को ढक कर रखें। सर्दी-खांसी होने पर डॉक्टर से फौरन संपर्क करें। इसके अलावा बुजुर्ग भी ठंड से बचें। खासकर हार्ट के मरीज अधिक सावधान रहें। गर्म कपड़े पहन कर ही घर से निकलें।' डॉ सुनील नंदवानी, फिजीशियन