इंटर और मैट्रिक की परीक्षा 16 फरवरी से
झारखंड एकेडेमिक काउंसिल इस बार पूर्व निर्धारित तिथि से पांच दिन पूर्व मैट्रिक और इंटर परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। 16 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए जैक ने शनिवार को परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया। पहली पाली में सुबह 9.45 से दिन के 1.00 बजे तक मैट्रिक की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में दिन के 2.00 बजे से लेकर 5.15 बजे तक इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी। 16 फरवरी को मैट्रिक की परीक्षा की शुरुआत हिंदी ए, हिंदी बी से और इंटरमीडिएट परीक्षा की शुरुआत आर्ट्स में सोशियोलॉजी से साइंस में जियोलॉजी विषय से होगी। इंटर में गैर भाषाई विषयों की परीक्षा देवनागरी, रोमन, बांग्ला, उर्दू और उड़िया लिपि में लिखी गई उत्तरपुस्तिकाएं मान्य होगी। बॉयोलॉजी और एचएनबी एमबी के स्टूडेंट्स दो अलग-अलग उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग करेंगे। मैट्रिक की लिखित परीक्षा दो मार्च को और इंटरमीडिएट की 10 मार्च को समाप्त होगी। इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र का वितरण सात फरवरी से होगा। जबकि मैट्रिक परीक्षा के प्रवेश पत्र का वितरण जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 9 फरवरी से किया जाएगा।