पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हिंदी को मिले राष्ट्रभाषा का दर्जा : सिंह

हिंदी को मिले राष्ट्रभाषा का दर्जा : सिंह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर। सिंहभूमजिला हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से रविवार को साहित्यसेवी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में किया गया। इस अवसर पर साहित्य सेवा के लिए मनोकामना सिंह अजय और वरुण प्रभात को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष हरि बल्लभ सिंह आरसी ने साहित्यकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर हरि बल्लभ सिंह आरसी ने कहा कि हिंदी को राष्ट्रभाषा का दर्जा मिलना चाहिए। हिंदी के साथ केवल छल किया जा रहा है। राजनेता अपने स्वार्थ के लिए भाषा पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम बोलचाल की भाषा होने के बावजूद सरकार इसको महत्व नहीं देती है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में हिंदी का प्रयोग किया जाना चाहिए। अध्यक्षीय भाषण देते हुए जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. बच्चन पाठक सलिल ने कहा कि हिंदी सभी की भाषा है। सभी को हिंदी दिवस मनाने की आवश्यकता है। वर्ष में एक दिन हम अपनी भाषा के प्रति श्रद्धा अवश्य दिखाएं। उन्होंने कहा कि हिंदी को देश की कानूनी भाषा का दर्जा मिलना चाहिए। वहीं, तुलसी भवन के मानद महासचिव नर्मदेश्वर पांडेय ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर तुलसी भवन के न्यासी मुरलीधर केडिया और अरुण कुमार तिवारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राम नंदन प्रसाद ने किया। जबकि, धन्यवाद ज्ञापन साहित्य समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्रीराम पांडेय भार्गव ने किया।