क्रिएटिव बनें : कोडाली
इंस्टीट्यूशनऑफ इंजीनियर्स (आईई) के जमशेदपुर चैप्टर की ओर से सोमवार को साकची स्थित संस्थान सभागार में अभियंता दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शहर के इंजीनियरों को सम्मानित किया गया। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (सीएसआर) बीके दास को डिस्टिंग्यूइस इंजीनियर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
टाटा स्टील के ही प्रबल पात्रा को डिस्टिंग्यूइस सर्विस अवॉर्ड और एनएमएल के प्रवेश कुमार को अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। इस साल लेडी इंजीनियर का अवॉर्ड अल कबीर पॉलिटेक्निक की वीणा राव को दिया गया। मुख्य अतिथि एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक रामबाबू कोडाली ने इन्हें सम्मानित किया। उन्होंने इस साल के इंजीनियर्स डे की थीम-इंडियन इंजीनियरिंग टू बी वर्ल्ड क्लास पर अपना व्याख्यान दिया। कोडाली ने कहा कि भारतीय इंजीनियरिंग में वर्ल्ड क्लास बनने की संभावनाएं हैं, अगर इसे इनोवेटिव और क्रिएटिव बनाया जाए। स्वागत भाषण इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स के चेयरमैन अमिताभ बख्शी ने दिया। उन्होंने इंजीनियर्स डे की महत्ता पर प्रकाश डाला। बख्शी ने कहा कि देश के विकास में इंजीनियरों की भूमिका अहम है और इसे भुलाया नहीं जा सकता। समारोह का संचालन संस्थान के सचिव राजीव मल्होत्रा ने किया। मौके पर इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स के पूर्व चेयरमैन और टाटा पिगमेंट के एमडी प्रकाश सरोडे, बीएन दीक्षित और एके वैश उपस्थित थे।
इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स में अभियंताओं को सम्मानित करते अतिथि।