छात्रों ने जाना ओजोन परत का महत्व
जमशेदपुर। विश्वओजोन दिवस पर मंगलवार को मिसेज केएमपीएम वोकेशनल कॉलेज, बिष्टुपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को अंतरिक्ष में ओजोन परत और उसे बनाने वाली गैस के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि ओजोन गैस हमारी पृथ्वी के लिए कितना आवश्यक है। कार्यक्रम का आयोजन बीएससी इन इन्वायरनमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट की ओर से किया गया था, जिसका संचालन विभाग की प्रभारी माला मंध्यान ने किया। कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टाटा स्टील के प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. सुप्रियो सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित एएफ मदन कॉलेज की प्रिंसिपल मीता जखनवाल ने किया। इस अवसर पर उपस्थित छात्रों को ओजोन गैस पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री अवेयरनेस ऑफ ओजोन डिक्लेशन भी दिखाई गई। इसमें ओजोन गैस क्या है? पृथ्वी के लिए इसका महत्व, नहीं होने की स्थिति में क्या हो सकता है? आदि के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों द्वारा एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभाग के विद्यार्थी स्नेहा कुमारी, रवींद्र, मो. हसन रजा, मिलन बेरा, विकास कुमार ने अपना प्रोजेक्ट प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के अंत में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रतिमा कुमारी और आर रोहित वर्मा ने किया।