- Hindi News
- मुठभेड़ में जवान शहीद असिस्टेंट कमांडेंट जख्मी
मुठभेड़ में जवान शहीद असिस्टेंट कमांडेंट जख्मी
भास्कर न्यूज | जमशेदपुर/घाटशिला
घाटशिलाथाना क्षेत्र के चेकाम पहाड़ी पर बुधवार की सुबह नक्सलियों तथा सीआरपीएफ जवानों के बीच हुई मुठभेड़ में कोबरा का एक जवान विकास सूत्रधार( 25 वर्ष) शहीद हो गया, जबकि असिस्टेंट कमांडेंट आलोक कुमार जख्मी (35) हो गए।
दोनों को हेलीकॉप्टर से रांची अपोलो ले जाया गया, जहां विकास को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी एवी होमकर, एसपी (अभियान) शैलेन्द्र प्रसाद वर्णवाल दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि चेकाम के निकट पहाड़ी पर नक्सलियों के बंकर होने की सूचना मिलने पर प. बंगाल के कोबरा जवान छापामारी अभियान चलाने गए थे। वहां नक्सलियों से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें कोबरा बटालियन( 207) के एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित दो को गोली लग गई। -पेज4 भी देखें
कांबिंग अभियान शुरू
घटनास्थल का जायजा लेते एसएसपी एवी होमकर और एसपी (अभियान) एसपी वर्णवाल।
घटना के बाद बड़े पैमाने पर नक्सलियों के खिलाफ कांबिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अलग- अलग टीम में बंटकर अभियान चला रही है। इसका नेतृत्व एसपी ( अभियान) एसपी वर्णवाल कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार सीमा पर नक्सलियों के बंकर होने की सूचना के आधार पर कोबरा के जवान सुबह 7 बजे जंगल की ओर कूच कर गए। इधर नक्सलियों के संतरी ने जवानों को आते देख फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की वजह से कोबरा के जवान ठिठक गए, जब तक जवाबी कार्रवाई करते एक गोली सनसनाती हुए जवान विकास को लग गई। वहीं इस दल का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट कमांडेंट आलोक को भी एक गोली लगी। उसके बाद जवानों ने भी नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। इस दौरान आधे घंटे तक फायरिंग होती रही। नक्सली जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। घायलों के इलाज के लिए हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और घायलों को उससे रांची भेजा गया। पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने धोखे से हमला किया है। इससे पूर्व नक्सलियों ने डायनमारी जंगल के निकट छापामारी के दौरान पूर्व डीएसपी अनिश गुप्ता के बॉडीगार्ड पर हमला किया था। इसमें डीएसपी बच गए पर बॉडीगार्ड शहीद हो गया था।