कंपनी में आम लोग देख सकेंगे पूजा
जमशेदपुर | यूसीलकंपनी का मुख्य द्वार बुधवार को आम लोगों के लिए खोला जाएगा। प्रत्येक साल की तरह इस साल भी विश्वकर्मा पूजा के दिन यूसील की विभिन्न इकाइयों का पट आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यूसील के जादूगोड़ा, भाटिन, नरवा पहाड़, बागजाता, तुरामडीह आदि इकाइयों में विश्वकर्मा पूजा मनाने की तैयारी की जा रही है। मजदूर अपने क्षेत्र में सफाई करने के अलावा साज-सज्जा करने में लगे हैं। कंपनी ने आम लोगों के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी है। कंपनी परिसर में प्रवेश के लिए सुबह 8.30 से 1.30 तक का समय दिया गया है। साथ ही कॉलोनीवासियों के लिए ओटो सेक्शन ने बस उपलब्ध कराया है। कंपनी प्रवेश द्वार पर सीआइएसएफ कर्मियों का पहरा रहेगा। जबकि बाहर में डीजीआर के सुरक्षाकर्मी पहरा देंगे। कोई भी कंपनी परिसर में मोबाइल, कैमरा, चार पहिया, दो पहिया, साइकिल आदि लेकर प्रवेश नहीं करेगा।