- Hindi News
- ग्रेजुएट कॉलेज में बंद होगा केयू का शाखा कार्यालय
ग्रेजुएट कॉलेज में बंद होगा केयू का शाखा कार्यालय
कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) का साकची स्थित ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन परिसर स्थित शाखा कार्यालय बंद होगा। यहां दूरस्थ शिक्षा केंद्र (डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर) खुलेगा। यह कहना है केयू के वीसी डॉ आरपीपी सिंह का। उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा केंद्र में इसी नए सत्र से पढ़ाई शुरू होगी।
ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन की ओर से वीसी को पत्र लिखकर कहा गया था कि महिला कॉलेज में शाखा कार्यालय होने से आए दिन छात्र यहां हंगामा करते हैं, जिससे पढ़ाई बाधित होती है। वहीं सुरक्षा कारणों से भी कई तरह की परेशानी होती है। कॉलेज प्रशासन के इस पत्र के आलोक में केयू प्रशासन ने यह फैसला लिया है। दूरस्थ शिक्षा केंद्र में सभी पारंपरिक कोर्स की पढ़ाई होगी और मार्क्स के बदले छात्रों को ग्रेड मिलेगा। मालूम हो कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए गाइडलाइन के अनुसार हर यूनिवर्सिटी को अनिवार्य रूप से दूरस्थ शिक्षा केंद्र खोलना है। इसके लिए 25 लाख रुपए का अनुदान वर्षों से केयू में है। यूनिवर्सिटी की स्थापना काल से ही इसके लिए प्रयास किया जा रहा था।
अमिताभ होंगे दूरस्थ शिक्षा केंद्र के प्रभारी निदेशक
ग्रेजुएटकॉलेज परिसर में खुलने वाले दूरस्थ शिक्षा केंद्र के प्रभारी निदेशक के लिए वीसी ने कॉलेज के गणित के रीडर अमिताभ बोस को प्रस्ताव दिया है। वीसी ने प्रस्तावित केंद्र के लिए 25 लाख रुपए का अनुदान शीघ्र देने का आश्वासन भी दिया।
2002में खुली थी शाखा
शहरमें केयू के शाखा कार्यालय की शुरुआत वर्ष 2002 में रांची यूनिवर्सिटी के समय हुई थी। उस समय शाखा कार्यालय बिष्टुपुर में खुला था। इसका उद्देश्य जमशेदपुर और आसपास के छात्रों को सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि छोटे -मोटे कार्य के लिए उन्हें रांची नहीं जाना पड़े। वर्ष 2009 में कोल्हान यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई और 2010 में शाखा कार्यालय ग्रेजुएट कॉलेज में शिफ्ट हो गया। केयू मुख्यालय चाईबासा में है, इसलिए छात्रों को वहां जाने में परेशानी होती है। छात्र नेता इसे सुचारू रूप से चलाने की मांग करते रहे, लेकिन केयू के स्थापना काल से ही शाखा कार्यालय निष्क्रिय हो गया था।