उलीडीह : 24 घंटे में दो ने की आत्महत्या
जमशेदपुर| उलीडीहथाना क्षेत्र में 24 घंटे में दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। शनिवार की रात उलीडीह थाना अंतर्गत डिमना रोड आदिवासी स्कूल के पास कोलाई हांसदा (18 वर्ष) ने घर के रेलिंग में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह माईक सेट बजाने का काम करता था। पिता गुरा हांसदा पान दुकान चलाते हैं। घटना के वक्त कोलाई घर में अकेला था। रात में पिता घर लौटे तो बेटे को फंदे से लटका पाया। सूचना मिलने पर उलीडीह थाना की पुलिस पहुंची और जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पूर्व शुक्रवार की रात उलीडीह परमानंद नगर में हरि सिंह (18 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह घरवालों ने उसे फंदे से लटका पाया।