पूजा में लोगों का होगा नि:शुल्क इलाज
निजी अस्पतालों को मिला निर्देश
जमशेदपुर | दुर्गापूजामें एक से चार अक्टूबर के बीच पूजा मेला देखने गए लोगों के साथ अगर कोई अप्रिय घटना होती है और इसमें कोई घायल हो जाता है, तो शहर के निजी नर्सिंग होम और प्राइवेट अस्पताल में उनका नि: शुल्क प्राथमिक उपचार किया जाएगा। इस आशय का निर्देश सिविल सर्जन विभा शरण ने जिले के सभी नर्सिंग होम और प्राइवेट अस्पतालों को पत्र के माध्यम से दे दिया है। झारखंड सरकार के आदेश पर सिविल सर्जन द्वारा जारी इस निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि अगर कोई अस्पताल मरीज का प्राथमिक उपचार करने से मना करता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। इधर प्राइवेट अस्पतालों ने कहा कि उन्हें इस तरह का कोई पत्र नहीं मिला है।
^पूजा के दौरान सभी नर्सिंग होम निजी अस्पताल के संचालकों को निर्देश दिया गया है कि अगर किसी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो वे उस मरीज का प्राथमिक उपचार अवश्य करें। ऐसा नहीं करने वाले निजी अस्पताल संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉविभा शरण, सिविलसर्जन
स्वास्थ्य विभाग से करें शिकायत
अगरकोई निजी अस्पताल संचालक प्राथमिक उपचार करने से मना करता है, तो मरीज इसकी शिकायत सीधे स्वास्थ्य विभाग से कर सकते हैं। इसके लिए मरीज को लिखित शिकायत स्वास्थ्य विभाग से करनी होगी।