स्वच्छता पखवाड़ा की कल से होगी शुरुआत
प्रधानमंत्रीकार्यालय के आदेश पर जिले में 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। अभियान में पंचायती राज विभाग, पेयजल स्वच्छता विभाग तथा शिक्षा विभाग को शामिल किया गया है। इसे सफल बनाने के लिए बुधवार को साकची ठाकुरबाड़ी रोड स्थित जिला परिषद (जिप) कार्यालय में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह डीडीसी डाॅ. लाल मोहन महतो की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि इस अभियान में स्कूली छात्रों को जोड़ा जाएगा। वहीं, पेटिंग अन्य प्रतियोगिता आयोजित कर आम लोगों को भी अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया। ग्रामीण इलाके में जागरूकता फैलाने के लिए गांव की सरकार के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
अभियान के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता, घरेलू स्वच्छता, सामुदायिक स्वच्छता संस्थागत स्वच्छता पर भी जोर दिया जाएगा। ग्रामीण इलाके में पहले श्रमदान से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद अगर जरूरत पड़ी, तो 13वें वित्त आयोग अथवा मनरेगा की राशि से सफाई कराई जाएगी। समापन के दिन दो अक्टूबर को पंचायत स्तर से जिला स्तर तक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सफाई के क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिता देवी के अलावा तीन विभागों के पदाधिकारी जिप सदस्य उपस्थित थे।