11 फरवरी से झारखंड में ठप रहेगी बस सेवा
सिटी रिपोर्टर | रांची/जमशेदपुर
झारखंड सरकार द्वारा बस भाड़ा कम किये जाने के विरोध में 11 फरवरी से राज्य में बस सेवा ठप रहेगी। यह निर्णय शनिवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में हुई झारखंड बस ऑनर्स एसोसिएशन, रांची बस ऑनर्स एसोसिएशन और राज्यभर के बस मालिकों की हुई बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णमोहन सिंह ने की। उन्होंने कहा है कि सरकार के पास तीन दिन का समय है। सरकार इस पर विचार करे। अध्यक्ष ने कहा कि एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल 10 फरवरी को परिवहन आयुक्त फिदलिस टोप्पो से मिलकर एक रुपए प्रति किमी की दर से किराया तय करने के लिए कहेगा। अगर उनकी बात नहीं मानी गई, तो बुधवार से राज्य भर में बसों का परिचालन ठप कर दिया जाएगा।