पापा हेलमेट ले जाना मत भूलना...
जमशेदपुर. पापा,हेलमेट ले जाना मत भूलना। यह काम आप अपने लिए नहीं, मेरे लिए करन। यह एसएमएस शनिवार की शाम कई लोगों के मोबाइल पर आया। जिला पुलिस की ओर से ट्रैफिक को लेकर शुरू किए गए परिवर्तन कार्यक्रम में दूरसंचार कंपनियां भी भागीदार बनी हैं। दूरसंचार कंपनी द्वारा लोगों को एसएमएस के जरिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। शनिवार की शाम डोकोमो, वोडाफोन और एयरसेल कंपनी ने ग्राहकों को इस तरह के मैसेज भेजे हैं। रविवार से अन्य दूरसंचार कंपनियां भी भी इस अभियान में शामिल हो जाएंगी। इस संबंध में जिला पुलिस ने परिवर्तन कार्यक्रम को लेकर सभी दूरसंचार कंपनी से वार्ता की है। सिटी एसपी कार्तिक एस ने बताया कि सभी दूरसंचार कंपनी ने परिवर्तन कार्यक्रम में सहयोग का आश्वासन दिया है। मालूम हो कि जिला पुलिस 11 सितंबर से ट्रैफिक जागरूकता को लेकर परिवर्तन कार्यक्रम चला रही है।