मजदूरों का आमरण अनशन शुरू
जमशेदपुर| इंडियारिसोर्सेस लिमिटेड एवं आईसीएमपीएल में कार्यरत 1310 मजदूरों के बकाए वेतन की मांग को लेकर पंजीकृत यूनियन ने बुधवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है। आईआरएल कंपनी गेट नं. 2 पर आमरण अनशन के पहले दिन तपन पांडा, संजय महंती, मानस भट्टाचार्य, लिंगराज आचार्य, गोबर्धन पातर, बशिरुद्दीन अनशन पर बैठे थे। यूनियन नेताओं ने कहा है कि जब तक मजदूरों के वेतन का भुगतान कंपनी प्रबंधन नहीं करता है तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। आमरण अनशन के साथ-साथ डिवाटरिंग कार्य में लगे 250 मजदूरों ने बुधवार से सुरदा माइंस में डिवाटरिंग का काम करने नहीं गए। जिस कारण खदान से पानी का निकासी कार्य ठप रहा। मुसाबनी प्लांट में भी मजदूर अधिकारी काम पर नहीं गए। पंजीकृत यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष शमशेर खान ने कहा कि एचसीएल प्रबंधन द्वारा मजदूरों के वेतन भुगतान हेतु 2 करोड़ रुपए आईआरएल को दिया गया था। यह पैसा मजदूरों के वेतन मद में कितना खर्च हुआ जिसकी जानकारी आईआरएल कंपनी ने एचसीएल प्रबंधन को नहीं दी है।