- Hindi News
- मनरेगा मामलों की जांच कर सकती है निगरानी
मनरेगा मामलों की जांच कर सकती है निगरानी
पूर्व सांसद बागुन सुंब्रई सुनील कुमार की शिकायत पर दो मामलों की प्रारंभिक जांच जारी
लीगलरिपोर्टर | जमशेदपुर/रांची
पूर्वीसिंहभूम जिले की मनरेगा योजनाओं में हुई करोड़ों रुपए की अनियमितताओं से संबंधित सभी मामलों की जांच निगरानी ब्यूरो कर सकती है। जिले में अलग-अलग चौदह प्राथमिकी दर्ज किए गए हैं। इन सभी मामलों में जांच की अनुमति ब्यूरो ने सरकार से मांगी है। अब सरकार को इसपर निर्णय लेना है। यह जानकारी निगरानी एसपी राजकुमार लकड़ा ने मंगलवार को हाईकोर्ट को दी।
एसपी ने बताया कि निगरानी सुनील कुमार बागुन सुंब्रई की शिकायत पर दो मामलों की प्रारंभिक जांच कर रही है। एसपी ने जांच के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के लिए चार सप्ताह की मोहलत मांगी। हाईकोर्ट ने निगरानी का पक्ष सुनने के बाद सुनवाई के लिए 17 मार्च की तिथि सुनिश्चित की।
इस संबंध में झारखंड अगेंस्ट करप्शन ने एक जनहित याचिका दायर कर मनरेगा की योजनाओं में हुई भारी वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की है। याचिका में बताया गया है कि योजना के तहत बिना काम कराए करोड़ों रुपए की निकासी कर ली गई। इस मामले में विभागीय स्तर पर हुई जांच में भी गड़बड़ी पाई गई है। पूर्व सांसद बागुन सुंब्रई ने भी इस मामले में निगरानी ब्यूरो के समक्ष शिकायत की है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने निगरानी एसपी को आदेश दिया था कि वह कोर्ट में उपस्थित होकर जांच के संबंध में स्टेटस रिपोर्ट दायर करें। इसी आलोक में निगरानी एसपी ने स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट को सौंपा।