िटनप्लेट में 15 फीसदी एडवांस बोनस
टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड, गोलमुरी के कर्मचारियों को अभी बोनस एडवांस के रूप में 15 प्रतिशत मिलेगा। यह राशि कर्मचारियों के खाते में सोमवार को भेज दी जाएगी। कंपनी प्रबंधन और यूनियन में अक्टूबर में बोनस समझौता फाइनल होने के बाद शेष राशि कर्मचारियों को मिलेगी। यह स्थिति शनिवार को बोनस वार्ता में समझौता नहीं होने के बाद बनी।
प्रबंधन और यूनियन दोनों अपनी मांग पर अड़े रहे। प्रबंधन कर्मचारियों को 18 प्रतिशत बोनस देने को तैयार था, पर यूनियन कंपनी के प्रोडक्शन, टर्नओवर मुनाफा का हवाला देकर 20 प्रतिशत से कम लेने को तैयार नहीं थी।
इसके बाद यूनियन की ओर से त्योहार के मद्देनजर कर्मचारियों को बोनस एडवांस के रूप में देने की मांग की गई। इसके बाद प्रबंधन 15 प्रतिशत एडवांस राशि देने पर राजी हो गया। इसके लिए प्रबंधन यूनियन की ओर से एक समझौता हुआ, जिसपर कंपनी के एमडी तरुण डागा गोलमुरी टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने हस्ताक्षर किया।
एमटीएमएच में बोनस समझौता के बाद एक-दूसरे को बधाई देते राकेश्वर पांडे और चेयरमैन आरएन शर्मा उपस्थित पदाधिकारी।
एमटीएमएच में मिलेंगे अधिकतम 41,161 रुपए
मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिस्टल (एमटीएमएच) में शनिवार को बोनस समझौता हुआ। इसके अनुसार कर्मचारियों को 18.5 प्रतिशत बोनस राशि मिलेगी। कर्मचारियों को अधिकतम 41,161 रुपए और न्यूनतम 24,281 रुपए मिलेंगे। बोनस की राशि 29 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक खाता में भेज दी जाएगी। बोनस समझौता पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से चेयरमैन डॉ आरएन शर्मा, सेक्रेटरी रजनीश कुमार, कोषाध्यक्ष विवेक सिन्हा, डायरेक्टर डॉ बीआर मास्टर, सुपरिटेंडेंट डॉ आर वग्जी, टेक्निकल एडवाइजर बीके तोडीवाला, पीए टू डायरेक्टर जीए रामा कृष्णा और यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, महामंत्री बीके डिंडा, उपाध्यक्ष आरके दास, कोषाध्यक्ष एसके राठौर, कमेटी मेंबर पी गिरीश्वर राव, किसान चंद मनोज शर्मा ने हस्ताक्षर किए।