रांची क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय की ओर से हर शनिवार लगेगा कैंप
जिले के ऑटो संचालकों को परमिट के लिए अब रांची क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए) का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) में आरटीए की ओर से हर शनिवार को कैंप लगाकर ऑटो का परमिट जारी किया जाएगा। इसके तहत शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय में कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें आरटीए सचिव सह डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर राजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर मोटर यान निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह उपस्थित थे।
कागजातलेकर आएं, परमिट हाथों-हाथ ले जाएं
आरटीएसचिव ने बताया कि चालक सहित चार पैसेंजर के साथ 16 किलोमीटर के दायरे में चलने वाले ऑटो का परमिट हाथों- हाथ जारी कर दिया जाएगा। आवेदन के साथ वाहन का ऑनर बुक, एमवीआई की ओर से जारी फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र, बीमा से संबंधित कागजात, टैक्स टोकन बैंक में परमिट शुल्क जमा करने का चालान पेश किए जाने पर हाथों- हाथ प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा।
अब डीटीओ में बनेगा ऑटो का परमिट
बड़े वाहनों का परमिट रांची से
सचिवने बताया कि बड़े व्यावसायिक वाहनों का परमिट आरटीए कमेटी करती है। इस कारण कैंप कार्यालय में केवल चार सीट की क्षमता वाले ऑटो का ही परमिट जारी किया जाएगा। शनिवार को कई बड़े वाहन संचालक भी आवेदन लेकर पहुंचे। उन्हें रांची में आवेदन करने को कहा गया। मिनी बस संचालकों से कहा गया है कि वे अपना आवेदन समूह में दें, ताकि परमिट जारी करने में सहूलियत हो। शहर में सिटी बसों का परिचालन बिना परमिट किए जाने के संबंध में आरटीए सचिव राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी वाहन का संचालन अगर बिना परमिट किया जाता है, तो उसके खिलाफ विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिकता के आधार पर जारी होगा ग्रामीण बस सेवा का परमिट
सचिवने बताया कि ग्रामीण बस सेवा के तहत परिवहन विभाग की ओर से कोल्हान में 128 मार्गों का चयन किया गया। इसमें पूर्वी सिंहभूम में 72 मार्ग हैं। इन मार्गों में छह से 21 सीट वाले वाहन का संचालन किया जाएगा। ग्रामीण बस सेवा के तहत आवेदन देने वाले वाहन संचालकों को प्राथमिकता के आधार पर परमिट जारी किया जाएगा।
पहले दिन 23 आवेदन आए, पर कागजात अधूरे
पहलेदिन कैंप में 23 ऑटो संचालकों ने आवेदन दिया, पर कागजात दुरुस्त नहीं होने के कारण किसी को परमिट जारी नहीं किया गया। आवेदकों को अगले शनिवार आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
डीटीओ कार्यालय में आवेदन की जांच करते राजेश कुमार, साथ में संजय कुजूर।