राधा रमण हरि... के जाप से गूंजा टेल्को हनुमान मंदिर
जमशेदपुर | गोविंदबोलो, हरि गोपाल बोलो, राधा रमण हरि...के जाप से शुक्रवार को टेल्को न्यू मार्केट स्थित श्रीहनुमान मंदिर गूंजता रहा। मौका था मंदिर समिति की ओर से मंदिर के 11वें स्थापना दिवस पर आयोजित 24 घंटे के हरिनाम संकीर्तन का। कीर्तन की शुरुआत पूर्वाह्न 11.30 बजे पंडित विनोद पांडेय द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसमें शहर की छह भजन मंडलियों ने भाग लिया। दिनभर कार्यक्रम स्थल हरि नाम की जाप से गूंजता रहा। मंदिर समिति के सदस्य अभय सिंह ने बताया कि कीर्तन की पूर्णाहुति शनिवार को होगी, वहीं रविवार को नारायण भोज का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में दिवाकर पांडेय, चिन्ना राव, अर्जुन सिंह, सियाराम ठाकुर, अभय सिंह समेत मंदिर समिति के सभी सदस्य योगदान दे रहे हैं।