शिव परिवार को कराया गया नगर भ्रमण
जमशेदपुर | मानगोशंकोसाई रोड नं 2 स्थित श्रीश्री शीतला मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय वार्षिकोत्सव सह प्राण प्रतिष्ठा समारोह में चौथे दिन शुक्रवार को शिव परिवार को नगर भ्रमण कराया गया। इसके पूर्व समारोह की शुरुआत देवी-देवताओं के पूजन से हुई। स्थानीय पुरोहित विंध्याचल उपाध्याय समेत मथुरा, वृंदावन, बनारस इलाहाबाद से आए पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं का फलाधिवास कराया। अपराह्न तीन बजे भगवान भोलेनाथ, मां पार्वती, गणेश कार्तिक की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। इसमें काफी श्रद्धालु शामिल हुए। डिमना के विभिन्न मार्गों से होते हुए सभी पुन: मंदिर परिसर पहुंचे। इस अवसर पर अनेक झांकियां निकाली गईं। पंडित विंध्याचल उपाध्याय ने बताया कि अनुष्ठान का समापन शनिवार को पूर्णाहुति, हवन भंडारे के साथ होगा। अनुष्ठान को सफल बनाने में यमुना प्रसाद, सचिव रवींद्र कुमार रवि, अजय शर्मा आदि योगदान दे रहे हैं।