मांगों को लेकर साकची में विहिप का जुलूस आज
जमशेदपुर | विश्वहिन्दू परिषद (विहिप) की झारखंड प्रदेश इकाई के निर्देशानुसार 15 फरवरी को शाम 5.30 बजे साकची के आमबागान मैदान में तमाम हिन्दू बंधु-बांधव इकट्ठा होंगे। वहां से सभी विहिप के बैनर तले जुलूस के रूप में साकची गोलचक्कर पहुंचकर झारखंड सरकार का पुतला दहन करेंगे। उक्त जानकारी विहिप नेता किशोर गोलछा और हरेराम ओझा ने संयुक्त रुप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की हिंदू दमनकारी नीतियों के विरुद्ध विहिप 1 फरवरी से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलनरत है। 1 फरवरी को रांची में राजभवन के समक्ष एक दिवसीय राज्यव्यापी धरना दिया गया।