डॉक्टर बहाली में उम्र सीमा बढ़ाने की मांग
जमशेदपुर | झारखंडलोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से शुरू की गई डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया पर दंत चिकित्सकों ने सवाल उठाया है। साकची स्थित जमशेदपुर डेंटल क्लिनिक में रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दंत चिकित्सक डॉ एमबी जफर डॉ जेबा ने कहा कि अभी 155 डॉक्टरों की बहाली निकाली गई है, जिसके लिए अधिकतम उम्र सीमा 35 वर्ष है। झारखंड बने सोलह साल हो गए और यह पहली बहाली है। ऐसे में उम्र सीमा 51 (35 जोड़ 16) वर्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवेदन की अंतिम तिथि 19 फरवरी है। इससे पहले एसोसिएशन की ओर से सरकार को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान के लिए ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।