मानगो में पाइप लाइन बिछानी शुरू
मानगोके छूटे हुए क्षेत्रों में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से नियुक्त ठेका कंपनी कुक्रेन द्वारा प्रथम चरण में डिमना रोड स्थित समतानगर बस्ती से पाइप लाइन बिछाने का काम 12 फरवरी से शुरू कर दिया गया है। विभाग ने ठेका कंपनी को छह माह में काम पूरा करने का निर्देश दिया है। इस पर 23 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह जानकारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता (ईई) मो. नजरे इमाम ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि समतानगर समेत अन्य छिटपुट इलाकों में पाइप बिछाने का काम जारी है।
दूसरे चरण की डीपीआर अंतिम चरण में
एनएच-33के किनारे स्थित बालीगुमा और उसके आसपास के बस्तियों में दूसरे चरण में जलापूर्ति शुरू की जाएगी। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। ईई ने कहा कि एनएच-33 किनारे स्थित बस्तियों कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति पर 22 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा डीपीआर को अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।