पंद्रह माह बाद मिलेगा आजसू को जिलाध्यक्ष
पॉलिटिकल रिपोर्टर | जमशेदपुर
आजसूपार्टी का मार्च में केंद्रीय महाधिवेशन होना है। केंद्रीय महाधिवेशन के पहले सभी जिला कार्यसमिति का चुनाव हो जाना चाहिए। पूर्वी सिंहभूम में चौदह माह से आजसू पार्टी में कोई जिलाध्यक्ष नहीं है। विधानसभा चुनाव के दौरान समीर मोहंती ने जिलाध्यक्ष का पद छोड़ दिया था। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने किसी का मनोनयन नहीं किया। अब महाधिवेशन के पहले जिला कार्यसमिति का चुनाव होना है।
ऐसे में शायद पंद्रह माह के बाद आजसू पार्टी के संगठन को जिलाध्यक्ष मिल जाएगा। समीर मोहंती दो बार आजसू पार्टी के टिकट पर बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे। पिछली बार आजसू पार्टी ने बहरागोड़ा सीट भाजपा के लिए छोड़ दी थी। समीर मोहंती ने चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। वे आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष का पद छोड़ दिए थे और झाविमो के टिकट पर चुनाव लड़े थे। विधानसभा चुनाव में रामचंद्र सहिस जुगसलाई से विजयी हुए थे। जिलाध्यक्ष नहीं हैं, तो अब सहिस ही संगठन को संभाले हुए हैं। अब गांव और पंचायत स्तर पर समिति बन चुकी है। निकट भविष्य में प्रखंड और नगर समिति का चुनाव शुरू होगा। प्रखंड एवं नगर समिति के प्रतिनिधि मिल कर जिला समिति का चुनाव करेंगे।
विशेष राज्य को मुद्दा
बनाएगी आजसू
आजसूपार्टी झारखंड को विशेष राज्य का दर्जा देने को राजनीतिक मुद्दा बनाएगी। केंद्रीय संगठन सचिव सपन सिंहदेव ने कहा कि संभवत: 11 एवं 12 मार्च को रांची में केंद्रीय महाधिवेशन होगा। हम लोग विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए लड़ते रहे हैं। फिर स्थानीयता नीति बनाने की मांग रखी जाएगी। सीएनटी, एसपीटी एवं विल्किंसन रुल्स में आने वाले लोगों को हम स्थानीय मानते हैं। रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश से आकर बसे लोगों के लिए कट ऑफ डेट तय होना चाहिए। रोजगार नीति बननी चाहिए। यहां पिछड़ी जाति को 14 के बजाय 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग उठेगी।
^विधानसभा चुनाव के समय जिलाध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद संगठन में किसी को थोपा नहीं गया था। अब गांव पंचायत समिति का चुनाव हो चुका है। जल्द प्रखंड एवं नगर समिति का चुनाव हो जाएगा। वही लोग जिलाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।^ सपनसिंहदेव, केंद्रीय संगठन सचिव, आजसू पार्टी।