देसी महुआ सप्लाई करने वाले दो माफिया धराए
जमशेदपुर। बागबेड़ाथाना अंतर्गत बजरंग टेकरी और बाबाकुटी में एसएसपी अनूप टी मैथ्यू के निर्देश पर जिला पुलिस की टीम ने गुरुवार सुबह 7.30 बजे छापामारी की। पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया था। छापामारी के दौरान पुलिस ने शराब माफिया मो. शमशेर के घर से 650 लीटर देसी शराब बरामद किया। पुलिस ने मो. शमसेर के साथ छोटू पांडे को गिरफ्तार किया। छापामारी दल का नेतृत्व डीएसपी अमर कुमार पांडेय कर रहे थे। इस अभियान से बागबेड़ा थाना की पुलिस को दूर रखा गया था। छापामारी की कार्रवाई के बाद बागबेड़ा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
एसएसपीको गुप्त सूचना मिली थी कि बागबेड़ा ग्रामीण इलाकों में देसी शराब महुआ का अवैध कारोबार संचालित है। छापामारी के लिए बुधवार रात टीम का गठन किया गया। छापामारी के क्रम में कुछ कारोबारी पहले ही फरार हो गए, जबकि दो संचालक को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों को बागबेड़ा पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में गुरुवार शाम जेल भेज दिया। बागबेड़ा थाना प्रभारी रामेश्वर उरांव के बयान पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में मो. शामू मल्लिक उर्फ शमीम, मो. शकील मो. अजू को भी आरोपी बनाया गया है। छापामारी टीम में पीसीआर इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार ठाकुर, जुगसलाई थाना प्रभारी अशोक कुमार गिरि सहित पुलिस के जवान शामिल थे।