रात ड्यूटी कराने पर महिला कर्मचारियों ने की तालाबंदी
मामला स्टील स्ट्रीप्स व्हील लिमिटेड का
सिटीरिपोर्टर|जमशेदपुर
गोविंदपुरस्थित स्टील स्ट्रीप्स व्हील लिमिटेड के 35 महिला ठेका कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार सुबह कंपनी गेट जाम कर दिया। इसकी वजह से और जेनरल शिफ्ट के कर्मचारी कंपनी परिसर में नहीं जा पाए। इससे उत्पादन पर असर पड़ा।
झारखंड श्रमिक महासभा के बैनर तले ये महिलाएं मंगलवार सुबह 6 बजे कंपनी के गेट पर धरना पर बैठ गईं और गेट में तालाबंदी कर दी। इनकी मांग थी कि कंपनी प्रबंधन ने उन्हें बी शिफ्ट में काम करने का निर्देश जारी किया है। इस आदेश की वजह से महिला कर्मचारियों को रात दस बजे के बाद कंपनी से घर जाने में परेशानी हो रही है। जब इसकी शिकायत प्रबंधन से की गई, तो उसने दो से छह बजे तक केवल चार घंटे की ड्यूटी कर दी।
जेनरल शिफ्ट की मांग करने पर प्रबंधन उन्हें नौकरी से बाहर निकालने की धमकी दे रहा है। गेट बंदी की वजह से दोपहर 12 बजे प्रबंधन के एचआर अधिकारियों के साथ श्रमिक महासंघ की वार्ता हुई। इसमें प्रबंधन ने लिखित आश्वासन दिया कि महिला कर्मचारियों से जेनरल शिफ्ट में काम कराया जाएगा और उन्हें बैठाया नहीं जाएगा। वार्ता में प्रबंधन की ओर से अजय कुमार शर्मा और झारखंड श्रमिक महासभा की ओर से राजीव कुमार पांडेय शामिल थे।
गोविंदपुर में स्टील स्ट्रीप्स व्हील लिमिटेड कंपनी का गेट जाम कर बैठे कर्मचारी।