टाटा स्टील को मेक इन इंडिया में मिला टाइम इंडिया अवॉर्ड
जमशेदपुर| टाटास्टील को मेक इन इंडिया सप्ताह के दौरान मुंबई के नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ इंडिया में आयोजित टाइम इंडिया अवॉर्ड में ‘बेस्ट इन क्लास मैन्युफैक्चरिंग अवार्ड\\\' से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्पादन के क्षेत्र में कंपनी के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) टीवी नरेंद्रन को शनिवार को पुरस्कार दिया। उत्पादन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन वर्ग में टाइम इंडिया अवॉर्ड ‘बेस्ट इन क्लास मैन्युफैक्चरिंग\\\', ‘मैन्युफैक्चरिंग इनोवेटर ऑफ इयर\\\' और ‘यंग मेकर ऑफ इयर\\\' दिया जाता है। उपरोक्त वर्ग में टाटा स्टील लिमिटेड को हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और शाही एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड जैसे संगठनों के साथ नामित किया गया था। इसमें टाटा स्टील ने यह पुरस्कार जीत लिया। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद टीवी नरेंद्रन ने कहा कि हमारे लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से यह पुरस्कार प्राप्त करना सम्मान की बात है। हमें गर्व है कि परिचालन संबंधी संपोषणीयता सुनिश्चित करने के प्रयासों को मान्यता दी जा रही है। इस पुरस्कार ने उत्पादन के क्षेत्र में हमारी श्रेष्ठता को पहचाना है। इस मौके पर ग्रुप कार्यपालक निदेशक कौशिक चटर्जी ने कहा कि मेक इन इंडिया के औद्योगिक विजन में सफल होने के लिए उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्टता पूर्व शर्त है और टाटा स्टील इस विजन के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रही है। हाल ही शुरू हुए हमारे कलिंगानगर संयंत्र और गोपालपुर प्रोजेक्ट इस पहलकदमी की दिशा में हमारे प्रयासों के गवाह हैं।