जमशेदपुर. टाटा मोटर्स के जीएम सुमंत कुमार सिन्हा के कार्यालय में गत 2 फरवरी को टेल्को वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष अमलेश कुमार के साथ हुई गाली गलौज और मारपीट मामले में आखिर प्रबंधन ने कार्रवाई कर ही दी। टाटा मोटर्स प्रबंधन ने इस मामले में गुरुवार को यूनियन की कोर कमेटी के सदस्य अरुण सिंह को चार्जशीट और पांच अन्य सदस्यों को कॉशन लेटर जारी कर दिया।
उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष ने अरुण सिंह समेत हर्षवर्धन सिंह और पंकज सिंह के खिलाफ कंपनी प्रबंधन को लिखित शिकायत की थी। अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर प्रबंधन ने अरुण सिंह को चार्जशीट जारी किया है।
प्रबंधन उन पर लगे आरोपों की जांच करेगा। अगर आरोप सही निकला तो कंपनी अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है। जबकि कोर कमेटी के दो अन्य सदस्य-हर्षवर्धन सिंह, पंकज सिंह के साथ समर्थक डीके पांडेय (प्लांट-3), डीके सिंह (वर्ल्ड ट्रक) और राकेश सिंह (फाउंड्री) को प्रबंधन ने हिदायत देकर छोड़ दिया है।
कॉशन लेटर में इन सबों को हिदायत दी है कि अगर भविष्य में उनके द्वारा ऐसी गतिविधियां की गईं, तो प्रबंधन अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकता है। इस बारे में कंपनी प्रवक्ता रंजीत धर ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।
जहां तक शोकॉज लेटर जारी करने की बात है, तो यह कंपनी का इंटरनल मामला है। लेकिन इतना साफ है कि इस मामले में कार्रवाई हो रही है और अनुशासनहीनता बरतने वाले को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
क्या है मामला
गत 2 फरवरी को टाटा मोटर्स के जीएम सुमंत कुमार सिन्हा के कार्यालय में यूनियन अध्यक्ष अमलेश कुमार के साथ गाली गलौज और मारपीट की गई थी।
कमेटी मेंबर्स के वेहिकल पास को लेकर अध्यक्ष अमलेश कुमार, जीएम सुमंत कुमार सिन्हा से बात करने गए थे, तभी महामंत्री प्रकाश कुमार समर्थकों के साथ सुमंत सिन्हा के कार्यालय में पहुंचे और कोर कमेटी के पांच सदस्यों की सदस्यता बहाली को लेकर दबाव बनाने लगे।
जब अध्यक्ष ने महामंत्री से कहा कि आप सदस्यता बहाली मामले पर अकेले फैसला नहीं ले सकते, तो अरुण सिंह ने तुम-ताम किया। इसके बाद मामला बढ़ गया। अध्यक्ष का आरोप है कि उन्हें जाति सूचक शब्द कहा गया और मारपीट करने की कोशिश की गई।
इस घटना के बाद उन्होंने बिरसानगर थाने में अरुण सिंह, हर्षवर्धन और पंकज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर अध्यक्ष अमलेश कुमार बुधवार को डीएसपी से मिल कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी।
कार्रवाई करने की बात सुनने में आ रही है : यूनियन महामंत्री
यूनियन महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि इस मामले में प्रबंधन की ओर से अरुण सिंह समेत चार अन्य सदस्यों के खिलाफ लेटर जारी करने की बात सामने आई है। उन्होंने लेटर रिसीव किया है कि नहीं? इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। बकौल प्रकाश कुमार-2 फरवरी को मैं खुद मौके पर उपस्थित था। कोई मारपीट या गाली गलौज नहीं हुई थी। हां, तुम-ताम और गरमा-गरमी जरूर हुई थी।