पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • टेल्को के ऑडिटोरियम में सरोदवादक अयान और अमान अली ने बांधा समां

अयान और अमान अली के सरोद की स्वरलहरियों पर झूमे शहर के लोग

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. सरोद के तार पर सधी हुई अंगुलियों से निकली धुन पर शहरवासी खूब झूमे। शनिवार शाम मानसी संस्था की ओर से लिटिल फ्लावर स्कूल टेल्को के ऑडिटोरियम में सजी सुरमई शाम में मशहूर सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान के बेटे अयान और अमान अली खान ने अपनी जुगलबंदी से संगीत प्रेमियों को भावविभोर किया।
डेढ़ घंटे तक संगीत प्रेमी विभिन्न रागों के आरोह-अवरोह, लयकारी और अवतरण में डुबकी लगाते रहे। सरोद के तार पर अंगुलियां जैसे-जैसे रफ्तार पकड़ती गईं, वैसे-वैसे ऑडिटोरियम तालियों की गूंज में समाता गया। शास्त्रीय धुनों से शुरू हुई यह शाम जब लोक धुनों में ढली, तो पूरा ऑडिटोरियम संगीत से सराबोर हो गया।
आलम यह था कि मंच पर सरोद की स्वरलहरियां अठखेलियां ले रही थीं और श्रोता आनंद में उतरते जा रहे थे। तबले पर पद्मश्री पंडित विजय घाटे और पखावज पर पंडित फतह सिंह थे।

राग पुरिया धानश्री से शाम का शुभारंभ
शाम की शुरुआत राग पुरिया धानश्री से हुई। इस राग के आरोह-अवरोह और ठाट ने जब गति पकड़ी, तो श्रोता संगीत में डूबते गए। दोनों भाइयों की जुगलबंदी ने शाम को शास्त्रीयता से सराबोर किया। रही सही कसर तबले और पखावज की संगत ने पूरी कर दी।
कार्यक्रम के उतरार्ध में अयान और अमान अली ने राग रागेश्वरी के बेहतरीन कंपोजिशन को पेश कर सरोद वादन को परवाज दिया। रागेश्वरी राग से शुरू यह कंपोजिशन बंगाली लोक संगीत भटियारी पर जाकर खत्म हुआ। सरोद के तार से निकली भटियारी की स्वरलहरियों ने श्रोताओं को खूब झुमाया।
नाखून से बजाया जाता है सरोद
अयान अली ने बताया कि सरोद वादन, सितार या गिटार से इसलिए अलग है, क्योंकि यह फिंगर ऑफ टिप्स से न बजाकर अंगुली के नाखून से बजाया जाता है, जिसके लिए स्पेशल तकनीक की जरूरत होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जमशेदपुर के श्रोता साल में कम से एक बार आने का मौका देंगे।

प्लांट हेड एबी लाल ने किया उदघाटन
सांस्कृतिक शाम का उदघाटन टाटा मोटर्स के प्लांट हेड एबी लाल ने किया। मौके पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कारपोरेट सर्विसेस) सुनील भास्करन, जुस्को के संगीत प्रेमी एमडी आशीष माथुर, रुचि नरेन्द्रन, एसके बेहरा और मंसूर अली समेत काफी संख्या में शहर के संगीत प्रेमी उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं...