पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Jamshedpur
  • आसपास के छह गांवों को गोद लेगी NIT, उन्नत बनाने का तय किया लक्ष्य

आसपास के छह गांवों को गोद लेगी NIT, उन्नत बनाने का तय किया लक्ष्य

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन्नत भारत अभियान को साकार करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), जमशेदपुर अपने आसपास के छह गांवों को गोद लेने जा रही है। संस्थान गांव की जरूरत को ध्यान में रखते हुए वहां के युवाओं के रोजगार के साथ उन्हें स्वच्छ पानी मुहैया कराने में सहयोग करेगा।

संस्थान के प्रवक्ता दीपक चौरसिया ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय के आदेश के मद्देनजर शनिवार को संस्थान में निदेशक डॉ रामबाबू कोडाली की अध्यक्षता मेें बैठक हुई, जिसमें अभियान को साकार करने के लिए छह सदस्यीय कमेटी बनाने का फैसला लिया गया। कमेटी के संयोजक मेटलर्जी एंड मेटल विभाग के प्रमुख डॉ रंजीत प्रसाद होंगे। संयोजक के अलावा सिविल इंजीनियरिंग, मेकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के विभाग प्रमुख और प्लेसमेंट अधिकारी इस कमेटी के सदस्य होंगे।
कैसे करेंगे काम

संस्थान का हर विभाग एक साल के लिए एक-एक गांव को गोद लेगा। हर विभाग के फैकल्टी, स्टॉफ, अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी स्टूडेंट्स गांव में जाकर काम करेंगे। वे गांव के लोगों के साथ ही स्थानीय प्रशासन, एनजीओ और ग्राम पंचायत से मिलकर काम करेंगे।
क्या करेंगे गांव में

- तकनीक की मदद से गांव में पेयजल की व्यवस्था करना
- गांव के तालाब और नदी-नालों की सफाई करना
- गांव में कम लागत के घर बनाने में मदद करना
- कम लागत के शौचालय निर्माण के लिए तकनीक उपलब्ध कराना
- गांव के लोगों को साफ-सफाई और सेहत को लेकर जागरूक करना
- स्थानीय कारीगरों के उत्पाद को बाजार दिलाने में मदद करना
- गांव के युवाओं का ऑन साइट स्किल डेवलेपमेंट करना
- युवाओं को रोजगार देने के लिए इलेक्ट्रिकल वायरिंग, मोटर वाइंडिंग, वेहिकल और एग्रीकल्चर टूल रिपेयर की ट्रेनिंग देना
- गांव के लोगों को ई-बैंकिंग के बारे में जागरूक करना, इंटरनेट सेवा के बारे में बताना
- गांव में पौधारोपण को बढ़ावा देना
- गांव के लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें बिजली की बचत के बारे में बताना
गांवों को उन्नत बनाने का तय किया लक्ष्य

- भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को हम प्रभावी तरीके से लागू करना चाहते हैं, ताकि इन गांवों को उन्नत बनाया जा सके। इससे भावी इंजीनियरों में पढ़ाई के साथ ही अपने समाज के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ेगी। यही नहीं, वे अपनी पढ़ाई और दक्षता का इस्तेमाल गांव को बदलने में भी कर सकते हैं।' - डॉ रामबाबू कोडाली, निदेशक, एनआईटी जमशेदपुर
खबरें और भी हैं...