जमशेदपुर. बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलुदबनी गांव में सोमवार को 407 वाहन के धक्के से एक ऑटो 30 फीट नीची नहर में गिर गया। इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार दो परिवार के करीब नौ लोग घायल हो गए। इसमें चालक भी शामिल है।
घायलों में चालक गणपति विश्वास, रवि सिकदर और 10 साल की बच्ची निधि विश्वास को सिर में गंभीर चोट लगी है। अन्य घायलों के हाथ पैर टूट गए हैं। सभी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
सुबह 9.30 बजे हुई घटना, 407 वाहन नहीं पकड़ा जा सका
घटना सुबह 9.30 बजे की है। दिल्ली से गौरी विश्वास अपने भाई के घर शंकोसाई रोड नंबर दो स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी आई थी। यहां से वह और पड़ोसी परिवार के परिवार के साथ लाबजोड़ा स्थित हाथी खेदा मंदिर में पूजा- अर्चना करने के लिए निकली थी।
डिमना लेक पार करते ही पीछे से तेज व अनियंत्रित रफ्तार से जा रहे 407 मालवाहक वाहन ने ऑटो में धक्का मार दिया। इससे ऑटो नहर में गिर गया। घटना के बाद 407 वाहन फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
नहर में गिरने से बचे यात्री
यह तो गनीमत थी कि 30 फीट नीचे यात्रियों से भरा ऑटो गिरा और सभी यात्रियों की जान बच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार गहराई में रोड़ा- पत्थर न के बराबर है। यहां पानी और कादा ही था। इस कारण बड़ी घटना टल गई।
ये हुए घायल
गणपति बिश्वास
चंदन बिश्वास
निधि बिश्वास
गौरी बिश्वास
रवि सिकदर
बापी सिकदर
तन्मय सिकदर
ज्योत्सना बद।
स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के बाद गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को नहर से सुरक्षित निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घटना की सूचना पाकर भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सिंह, संजय वर्मा समर्थकों के साथ पहुंचे।
दोनों नेताओं ने चिकित्सकीय व्यवस्था तेज करने की मांग डॉक्टरों से की। यहां घायलों से एक्स-रे के नाम पर सौ-सौ रुपए लिए गए थे। लेकिन अधीक्षक से शिकायत करने के बाद सभी से लिए गए रुपए लौटा दिए गए।