चाईबासा. हाटगम्हरिया पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को जेल व एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है। इन तीनों पर नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है।
जेल भेजे गए दो आरोपियों में मेरेलगाड़ा निवासी जोकर चातोम्बा और इलीगड़ा के जोन सवैंया शामिल हैं। जोकर चातोम्बा और जोन सवैंया शादीशुदा है। जोकर अपनी ससुराल इलीगड़ा में रहता है। किशोरी के पिता ने तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला हाटगम्हरिया थाना में 10 फरवरी को दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में किसी सामाजिक कार्य को लेकर गांव के लोग पत्ता तोड़ने जंगल गए थे। इसमें किशोरी व तीनों आरोपी भी जंगल गए हुए थे। इस क्रम में जोकर चातोम्बा और जोन सवैंया ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
वहीं पशु चरवाहा किशोर ने भी किशोरी के साथ संबंध बनाया। इस दौरान किसी ने उन लोगों को गलत करते हुए देख लिया था। उसने किशोरी के पिता को जानकारी दे दी। पिता ने बेटी से पूछताछ की, तो उसने आपबीती बताई।