पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Assistant Commandant Wounded Soldier Killed In Encounter

मुठभेड़ में जवान शहीद असिस्टेंट कमांडेंट जख्मी, चेकाम पहाड़ी के पास हुई घटना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर/घाटशिला. घाटशिला थाना क्षेत्र के चेकाम पहाड़ी पर बुधवार की सुबह नक्सलियों तथा सीआरपीएफ जवानों के बीच हुई मुठभेड़ में कोबरा का एक जवान विकास सूत्रधार( 25 वर्ष) शहीद हो गया, जबकि असिस्टेंट कमांडेंट आलोक कुमार जख्मी (35) हो गए। दोनों को हेलीकॉप्टर से रांची अपोलो ले जाया गया, जहां विकास को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी एवी होमकर, एसपी (अभियान) शैलेन्द्र प्रसाद वर्णवाल दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि चेकाम के निकट पहाड़ी पर नक्सलियों के बंकर होने की सूचना मिलने पर प. बंगाल के कोबरा जवान छापामारी अभियान चलाने गए थे। वहां नक्सलियों से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें कोबरा बटालियन( 207) के एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित दो को गोली लग गई।
कांबिंग अभियान शुरू
घटना के बाद बड़े पैमाने पर नक्सलियों के खिलाफ कांबिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अलग- अलग टीम में बंटकर अभियान चला रही है। इसका नेतृत्व एसपी ( अभियान) एसपी वर्णवाल कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार सीमा पर नक्सलियों के बंकर होने की सूचना के आधार पर कोबरा के जवान सुबह 7 बजे जंगल की ओर कूच कर गए। इधर नक्सलियों के संतरी ने जवानों को आते देख फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की वजह से कोबरा के जवान ठिठक गए, जब तक जवाबी कार्रवाई करते एक गोली सनसनाती हुए जवान विकास को लग गई। वहीं इस दल का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट कमांडेंट आलोक को भी एक गोली लगी। उसके बाद जवानों ने भी नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। इस दौरान आधे घंटे तक फायरिंग होती रही। नक्सली जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। घायलों के इलाज के लिए हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और घायलों को उससे रांची भेजा गया। पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने धोखे से हमला किया है। इससे पूर्व नक्सलियों ने डायनमारी जंगल के निकट छापामारी के दौरान पूर्व डीएसपी अनिश गुप्ता के बॉडीगार्ड पर हमला किया था। इसमें डीएसपी बच गए पर बॉडीगार्ड शहीद हो गया था।
उग्रवाद व विधि-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे राजनाथ
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह 23 सितंबर को दिल्ली से दिन के 10.45 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां 15 मिनट तक रिफ्रेश होने के बाद सीआरपीएफ कैंप जाएंगे। वहां वह सीआरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लगभग एक बजे राजभवन पहुंचेंगे। भोजन के बाद दिन के तीन बजे से पांच बजे तक उग्रवाद व विधि-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी व अन्य शीर्ष अधिकारियों शामिल होंगे।इसमें लोहा, कोयला व अन्य धातुओं की चोरी और तस्करी पर भी चर्चा होने की संभावना है। शाम 6.15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।