जमशेदपुर. चांडिल थाना के पास भाजपा और झाविमाे समर्थकों के बीच मंगलवार को जमकर मारपीट हुई। पुलिस के सामने ही करीब एक घंटा तक दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडा चले। मारपीट में ईचागढ़ के भाजपा प्रत्याशी साधुचरण महतो, उनके सहयोगी धरनीधर सरदार, अंगरक्षक सकलधर महतो, मुरारी कुमार और झाविमो प्रत्याशी अरविंद सिंह के अंगरक्षक प्रमोद कुमार सिंह, चालक संजय सुजवी, अरुण सिंह आदि घायल हुए हैं। झाविमो प्रत्याशी की कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। दोनों ओर से चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने झाविमो उम्मीदवार अरविंद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने झाविमो के 14 समर्थको को जेल भेज दिया है।इधर, झाविमो प्रत्याशी की रिहाई की मांग पर समर्थकों ने चांडिल थाना में हंगामा किया।
झाविमाे का पक्ष मुंडा के इशारे पर गिरफ्तारी
पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के इशारे पर मुझे गिरफ्तार किया गया है। सुनियोजित ढंग से मेरे चारों भाइयों को झूठे केस में फंसाया गया है। मैं टीकर गांव जा रहा था। चांडिल थाना के पास साधुचरण महतो और समर्थकों ने रोका। उन्होंने मारपीट की। मेरा अंगरक्षक और चालक घायल हो गया है।' अरविंद सिंह, झाविमो प्रत्याशी
भाजपा का पक्ष टीकर में मारपीट की
मैं सोमवार देर रात टीकर गांव के एक घर में खाना खा रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। मैंने चांडिल थाना में शिकायत की। झाविमो प्रत्याशी अरविंद सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे व मारपीट करने लगे। फायरिंग भी की। ' साधुचरण महतो, भाजपा प्रत्याशी
मामले की जांच होगी
ईचागढ़ विस क्षेत्र में झाविमो व भाजपा प्रत्याशी के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस जांच के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।' मो. नेहाल, डीआईजी, कोल्हान