जमशेदपुर. शहर की सड़कों पर सिटी बसों का परिचालन एक नवंबर 2014 से शुरू होगा। इन बसों का परिचालन जमशेदपुर अक्षेस की देखरेख में किया जाएगा। इससे पहले खराब पड़ी बसों की भी मरम्मत की जाएगी।
एसपीवी का हुआ गठन
नगर विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने सिटी बसों की परिचालन करने के लिए राज्य स्तर पर स्पेशल पर्पज व्हेकिल (एसपीवी) नामक कमेटी का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ओमप्रकाश साह कर रहे हैं। कमेटी में सदस्य के तौर पर धनबाद नगर निगम के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी संजय पांडे, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी दीपक कुमार सहाय व जेटीडीसी के एक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर मिलेगा फंड
एसपीवी एक सप्ताह के अंदर तीनों शहरों में बसों के परिचालन और बसों की स्थिति का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट नगर विकास विभाग के सचिव को सौंपेगी। मोटरयान निरीक्षक की सहायता से बसों की तकनीकी खराबी और उसके मरम्मत में होने वाले खर्च की जानकारी ली जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नगर विकास विभाग बसों की मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराएगा। नगर विकास विभाग की योजना है कि सभी बसों की मरम्मत कर एक साथ सड़क पर उतारी जाए, ताकि लोगों को बेहतर तरीके से यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सके।
एक नवंबर से पहले हो जाएगी पूरी व्यवस्था
जमशेदपुर अक्षेस बसों का परिचालन शुरू करने से पहले पूरी तैयारी लेना चाहती है, ताकि परिचालन में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं आए। बसों का परिचालन जेटीडीसी की तर्ज पर आउटसोर्सिंग के मार्फत ही होगा। इसके लिए एजेंसी का चयन निविदा निकालकर किया जाएंगा। जमशेदपुर में 50 सिटी बस हैं, जिनमें से 38 खराब हैं। सभी बसों की मरम्मत की जाएगी।
जमशेदपुर अक्षेस की देखरेख में एक नवंबर से शहर में सिटी बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इसके पहले खराब पड़ी बसों की मरम्मत की जाएगी। निविदा निकाल कर परिचालन के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा। दीपक कुमार सहाय, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी
जेटीडीसी जमशेदपुर व धनबाद में सिटी बसों का परिचालन शुरू नहीं कर सकती। बसों का परिचालन करने वाली एजेंसी ने परिचालन करने से इनकार कर दिया है। रांची में सिटी बसों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। सुनील कुमार, जेटीडीसी के एमडी