जमशेदपुर. दुर्गापूजा के मद्देनजर कलश स्थापना 25 सितंबर को, जबकि प्रतिमा का विसर्जन 4 अक्टूबर किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को माइकल जॉन प्रेक्षागृह में आयोजित केंद्रीय शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में बिजली, पानी, सड़क मरम्मत, सुरक्षा सहित कई मामले जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के समक्ष उठाए गए। पंडालों के आसपास जमीन भरने के लिए स्लैग डंपिंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। कई लोगों ने भोग के लिए नियंत्रित दर पर चीनी और चावल उपलब्ध कराने का आग्रह प्रशासन से किया। लगभग दो घंटे तक चली बैठक में सबको बोलने का मौका दिया गया। इस दौरान केंद्रीय पूजा कमेटी और सदभावना कमेटी के लोगों के बीच बकझक भी हुई।
बैठक में डीसी डॉ. अमिताभ कौशल ने कहा कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास होगा कि सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से मिलजुल कर दुर्गा पूजा की खुशियां एक-दूसरे में बांटें। सभी मांगें पूरी नहीं की जा सकतीं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विधि व्यवस्था कायम रखना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पूजा में थोड़ी दिक्कत हुई थी, तो जरूरी कार्रवाई की गई थी। बैठक में राजेश शुक्ला, कल्याणी शरण, रामाश्रय प्रसाद, प्रमोद तिवारी, अंबिका बनर्जी, विजय कुमार सिंह, दिलीप ओझा, सनाउल्लाह, योगेन्द्र सिंह निराला, कमलजीत कौर गिल, रीना घटक, उषा सिंह, एमआर हसन, रीता मिश्रा,अरविन्द पांडे, उमेश राय आदि मौजूद थे।
सीसीटीवी कैमरा लगाएं पूजा कमेटियां : एसएसपी
बैठक में एसएसपी एवी होमकर ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से पूजा कमेटियां पंडाल और इसके आसपास ज्यादा से ज्यादा सीसीटीवी कैमरा लगाएं। इससे कम खर्च में अधिक सुरक्षा मिलेगी। अपराध भी नियंत्रित होगा। सभी पंडालोें के पास पुलिस की तैनाती होगी। पूजा कमेटियों को कंट्रोल रूम के नंबर भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूजा कमेटियां अपना लाइसेंस जल्द से जल्द नवीनीकरण करवा लें। किसी भी हालत में मूर्तियों के विसर्जन के लिए नया रूट तय नहीं किया जाएगा।
कम आवाज में माइक बजाएं : सिटी एसपी
सिटी एसपी कार्तिक एस ने कहा कि रात 10 बजे के बाद पूजा समितियां माइक कम आवाज में बजाएं, ताकि लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। वैसे 10 बजे के बाद माइक बजाने के लिए एसडीओ से हर हाल में अनुमति लेनी होगी।
किसने क्या कहा
शांतिपूर्ण पूजा मनाने के लिए सभी कमेटियों को सहयोग करना होगा। उन्होंने प्रशासन को दुर्गा पूजा की तैयारी की विस्तृत जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि कलश स्थापना 25 सितंबर को होगी और 4 सितंबर को प्रतिमा का विसर्जन होगा। इस पर सभी ने सहमति जताई।
शहर में 295 पूजा कमेटियां हैं। इनमें से 220 ही लाइसेंसी हैं। सभी पूजा समितियों को लाइसेंस दिया जाना चाहिए। पूजा के पहले सड़कों का चौड़ीकरण कर दिया जाए, ताकि जाम से लोगों को निजात मिल सके। चौक- चौराहों पर और सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किया जाए।
षष्ठी से विसर्जन तक शहर में नो इंट्री
भास्कर न्यूज, जमशेदपुर। षष्ठी यानी 29 सितंबर को दोपहर दो बजे से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मूर्ति विसर्जन के एक दिन बाद यानी पांच अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन होगा। उक्त बातें मंगलवार को डीएसपी (ट्रैफिक) जगदीश प्रसाद ने कहीं।
उन्होंने कहा कि पूजा को लेकर यातायात सुचारू करने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। जरूरत पड़ने पर पूजा में नो इंट्री के समय में फेरबदल भी किया जा सकता है। पूजा पंडाल से कुछ दूरी पर वाहनों के पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग को लेकर तैयारी की जा रही है।